gayaब्रेकिंग न्यूज़

दरोगा के बेटे की हत्या के आरोपी पुलिस पर फायरिंग में घायल, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली

रंजीत कुमार

गयाजी। मानपुर के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में दुर्गा पूजा की नवमी की रात दरोगा के दो बेटों को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों श्याम बिहारी और गौरव कुमार को हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों का इलाज मगध मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

इस संबंध में सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि दरोगा पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मारने के मामले में पुलिस ने श्याम बिहारी और गौरव कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हथियार बिछी गांव के पास आहर के किनारे छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस जब उन्हें हथियार बरामदगी के लिए मौके पर ले गई, तो आरोपियों ने कथित तौर पर हथियार निकालकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी।

घटनास्थल से हथियार और खोखे बरामद

सिटी एसपी के अनुसार, घटनास्थल से एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कुछ खोखे बरामद किए गए हैं। मौके पर एफएसएल की टीम पहुंची और जांच के लिए नमूने एकत्र किए। घटनास्थल पर खून के धब्बे भी मिले हैं। हालांकि, गोलीबारी की अवधि और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

 

 

सात युवकों पर मामला, चार गिरफ्तार

सिटी एसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। इनमें चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन अन्य अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, दुर्गा पूजा की नवमी की रात दरोगा के दोनों बेटों और आरोपियों के बीच आपसी मनमुटाव को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों भाइयों को गोली मारी गई थी।

एक भाई की मौत, दूसरे का पटना में इलाज जारी

बता दें कि मानपुर के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी निवासी दरोगा पिंटू सिंह के बेटे रानू शेखर और मोनू शेखर को दुर्गा पूजा की नवमी की रात गोली मार दी गई थी। इस घटना में रानू शेखर की मौत हो गई थी, जबकि मोनू शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

ranjeet kumar

Ranjeet Kumar Bureau Chief Gaya Bihar

Related Articles

Back to top button