पढ़ुआ थाना पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को अवैध असलहा के साथ किया गिरफतार

अमित अवस्थी
पढ़ुआ लखीमपुर खीरी( संज्ञान दृष्टि)पढ़ुआ थाना पुलिस ने सोमवार को सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कामयाबी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पढ़ुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर के नेतृत्व में पुलिस टीम को सोमवार सुबह 7:50 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी अपराधी गामा उर्फ_ सोफियान किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में ढखेरवा-निघासन रोड पर घूम रहा है। सूचना पर तत्काल पढ़ुआ थाना पुलिस टीम ने सिसैया चौराहा से करीब 100 मीटर दूर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे अभियुक्त को टीम ने घेरकर दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315बोर व एक अवैध जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गामा उर्फ सोफियान पुत्र छोटन्ने, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी बिनौरा थाना पढ़ुआ बताया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार गामा उर्फ सोफियान शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पढ़ुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध व अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। फरार व इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।




