रफीगंज अंचलाधिकारी के आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण जारी, पीड़ित ने लगाया थाना अध्यक्ष पर मिलीभगत का आरोप।

ब्रेकिंग न्यूज़

 

रफीगंज (औरंगाबाद)। रफीगंज थाना क्षेत्र के पचार गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव गहराता जा रहा है। विवादित जमीन पर मकान निर्माण और रास्ता अवरुद्ध किए जाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। स्थिति ऐसी बनी हुई है कि कभी भी विवाद हिंसक रूप ले सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार, धर्मवीर पासवान एवं प्रयास पासवान के परिजनों के बीच पचार गांव मे खाता संख्या-26, प्लॉट संख्या-58 की कुल 39 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। धर्मवीर पासवान का आरोप है कि जमीन का अब तक बंटवारा नहीं हुआ है, इसके बावजूद प्रयास पासवान एवं उनके परिजन विवादित जमीन पर मकान निर्माण कर रास्ता अवरुद्ध कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट किए जाने की भी बात कही गई है।

इस मामले को लेकर धर्मवीर पासवान ने 24 नवंबर 2026 को रफीगंज अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। बताया जाता है कि अंचलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विवादित जमीन पर निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने के लिए थानाध्यक्ष को आदेश पत्र जारी किया है। साथ ही दोनों पक्षों को जमीन से संबंधित कागजात के साथ 5 दिसंबर को जनता दरबार में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अंचलाधिकारी के आदेश के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसके कारण दूसरे पक्ष के लोग कथित तौर पर जबरन निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है।

मामले को लेकर जब पत्रकार द्वारा रफीगंज थानाध्यक्ष से दूरभाष पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पचार गांव के धर्मवीर पासवान एवं प्रयास पासवान के बीच जमीन विवाद की जानकारी नहीं होने की बात कही।

वहीं, धर्मवीर पासवान के परिजनों ने थानाध्यक्ष पर दूसरे पक्ष से पैसे के लेन-देन के आधार पर निर्माण कार्य करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का यह भी आरोप है कि शिकायत लेकर थाना पहुंचने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और डांटकर थाने से भगा दिया गया।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और दूसरे पक्ष तथा संबंधित पुलिस अधिकारी का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।

अब सवाल यह उठता है कि जब अंचलाधिकारी की ओर से विवादित जमीन पर निर्माण रोकने का आदेश जारी किया गया है, तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रुकवाने तथा दोनों पक्षों के बीच शांति व्यवस्था कायम रखने की मांग की है।