आईजी किरण एस. ने खीरी में भर्ती केंद्र का निरीक्षण कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की
मोहर्रम की तैयारियों, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

धर्मेश शुक्ला संवाददाता
लखीमपुर खीरी ( संज्ञान दृष्टि)। पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. ने शनिवार को जनपद खीरी का भ्रमण कर पुलिस लाइन स्थित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



जनपद आगमन पर आईजी का स्वागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में आईजी की अध्यक्षता में राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक में आगामी त्योहारों, विशेषकर मोहर्रम को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की रणनीति पर चर्चा की गई। आईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पीस कमेटियों के साथ नियमित संवाद तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, जनसुनवाई की प्रभावशीलता बढ़ाने तथा अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट जैसी विधिक कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश भी दिए गए। आईजी ने खीरी पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी, गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी तथा विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिरीक्षक ने पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता कर जनपद की कानून व्यवस्था एवं पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस-पब्लिक साझेदारी को मजबूत बनाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए पारदर्शी एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




