(ब्यूरों रिपोर्ट संज्ञान दृष्टि)
गयाजी जिले के गुरुआ में शनिवार को दोपहर करीब चार बजे शेरघाटी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जतिन कुमार ने मां अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।

वहीं, प्रशासन ने अल्ट्रासाउंड मशीन वाले कमरे की चाबी जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।एसडीओ की इस अचानक कार्रवाई से गुरुआ क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई ऐसे नर्सिंग होम और क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां पर्याप्त चिकित्सा जानकारी और विशेषज्ञता के बिना ऑपरेशन किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। लोगों ने ऐसे संस्थानों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ क्लीनिकों के बाहर डॉक्टरों की डिग्री और योग्यता से संबंधित बोर्ड लगाए जाते हैं, जबकि अंदर मरीजों का ऑपरेशन किया जाता है। लोगों ने यह भी दावा किया कि पूर्व में कुछ क्लीनिकों में इलाज के दौरान मरीजों की मौत की घटनाएं हुई थीं। इसके बावजूद ऐसे संस्थानों के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर लोगों में नाराजगी है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की उम्मीदएसडीओ जतिन कुमार के गुरुआ में पदभार संभालने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों की भी जांच होगी। लोगों की मांग है कि केवल अल्ट्रासाउंड सेंटर ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में संचालित सभी नर्सिंग होम और निजी क्लीनिकों की भी जांच की जाए। जिन संस्थानों में अनियमितताएं पाई जाएं, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।अब देखना यह होगा कि मां अल्ट्रासाउंड सेंटर पर हुई इस छापेमारी के बाद प्रशासन की कार्रवाई आगे किस दिशा में बढ़ती है और क्या गुरुआ में संचालित अन्य संदिग्ध क्लीनिकों एवं नर्सिंग होम की भी जांच की जाती है या नहीं
