नई दिल्ली

केरल में मूसलाधार बारिश का कहर, तमिलनाडु में 9 जून तक अलर्ट; कई राज्यों में मौसम विभाग की चेतावनी

संवाददाता

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने केरल, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। त्रिशूर जिले में एक पेड़ अस्थायी शेड पर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 24 घंटे के दौरान 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। एहतियात के तौर पर कुछ जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं तथा ट्रेकिंग और खनन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। तमिलनाडु में भी मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 जून तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश जारी रह सकती है। नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल और कोयंबटूर के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में तिरुनेलवेली जिले में सर्वाधिक 17 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कर्नाटक, तेलंगाना, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में भी वर्षा गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। उत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। उधर समुद्री क्षेत्रों में भी मौसम प्रतिकूल बना हुआ है। तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर, केरल-कर्नाटक तट तथा लक्षद्वीप क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए मछुआरों को 9 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button