
संवाददाता
लखनऊ/जेवर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों का सम्मान करेंगे। जेवर से पहली व्यावसायिक उड़ान के जरिए लखनऊ पहुंच रहे किसान प्रतिनिधिमंडल का मुख्यमंत्री स्वागत करेंगे और उनसे संवाद भी करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच X पर किसानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि किसान देश की खुशहाली और विकास की नींव हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में किसानों की भागीदारी और योगदान का सम्मान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “गौतम बुद्ध नगर (जेवर) में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले किसान भाई-बहनों को लेकर आने वाली पहली फ्लाइट के लखनऊ पहुंचने पर मैं उनका स्वागत और सम्मान करूंगा तथा उनसे बातचीत भी करूंगा। ‘अन्नदाताओं का सम्मान, समृद्ध भारत को नमन’ की भावना के साथ हम हर किसान की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध हैं।” सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए पहली कमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरी। इस उड़ान के साथ हाल ही में शुरू हुए एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक संचालन की औपचारिक शुरुआत भी हो गई। विशेष उड़ान में उन किसानों का प्रतिनिधिमंडल शामिल था, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई थी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह कर रहे हैं। इससे पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने किसानों और उनके परिवारों से मुलाकात कर एयरपोर्ट परियोजना में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट भविष्य में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का प्रमुख केंद्र बनेगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एयरपोर्ट का संचालन शुरुआती चरण में 1.2 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता के साथ शुरू किया जा रहा है। मांग बढ़ने के साथ चरणबद्ध तरीके से इसका विस्तार किया जाएगा। चौथे चरण तक इसकी क्षमता बढ़ाकर प्रतिवर्ष 7 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पूर्ण विकसित होने पर इसके एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सरकार का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।




