अपराध

मामूली विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, शव के पास पूरी रात बैठा रहा आरोपी

संवाददाता: रंजीत कुमार | संज्ञान न्यूज

गुरुआ (गया)। गुरुआ थाना क्षेत्र के गुनेरी पंचायत अंतर्गत तारापुर गांव में गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि तेतर मांझी ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी पूरी रात घर में पत्नी के शव के पास बैठा रहा। शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद खिड़की के पास की ईंट हटाकर अंदर देखा गया तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि उसका पति शव के पास बैठा मिला। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी तेतर मांझी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मृतका अपने पीछे तीन पुत्रियां और दो पुत्र छोड़ गई है। घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि रामप्यारे पासवान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत के रूप में ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद के बाद हत्या की घटना सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button