वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में अयोध्या से शामिल होंगे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता
एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी विशाल रैली, कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से की भागीदारी की अपील
संतोष मौर्य, संवाददाता
अयोध्या। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विशाल रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। हिमाचल प्रदेश की इंदौरा विधानसभा सीट से विधायक एवं राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मलेंद्र राजन तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यकर्ताओं के साथ रैली की तैयारियों पर चर्चा की। राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मलेंद्र राजन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मताधिकार की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर जनजागरण कर रही है। इसी अभियान के तहत उन्हें अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार की सुरक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच उठाकर मतदाताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर अयोध्या का संगठन रैली की तैयारियों में जुटा है। कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नाकामियों को लगातार जनता के सामने रख रहे हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित इस अभियान में महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वार्ड अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शीतला पाठक ने किया। उन्होंने पर्यवेक्षकों को आश्वस्त किया कि एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में अयोध्या से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में पूर्व विधायक माधव प्रसाद, अशोक सिंह, अनिल तिवारी, उमेश उपाध्याय, कर्मराज यादव, यशवीर सिंह, दीपकृष्ण वर्मा, रामसागर रावत, राजकुमार पांडेय, बसंत मिश्रा, नाजिश फातिमा, रामकिशोर वर्मा, रमाशंकर तिवारी, राम आशीष तिवारी, मोहम्मद आमिर, धीरेंद्र नाथ वर्मा, हरजीत सिंह सलूजा, विजय श्रीवास्तव, विवेक प्रताप शर्मा, रामनाथ शर्मा, अश्विनी सिंह, जनार्दन मिश्रा और धीरेंद्र सिंह बबलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
