kolkataदेश

भाजपा उम्मीदवार के घर के बाहर फायरिंग, CISF जवान घायल; टीएमसी समर्थकों पर बम फेंकने का आरोप

संवाददाता
कोलकाता पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए चुनाव आयोग ने दो लाख से ज्यादा केंद्रीय बलों की राज्य में तैनाती की है। हालांकि इसके बावजूद असामाजिक तत्व बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव है और भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ता आमने-सामने हैं।

घटना के बाद से इलाके में तनाव
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना रविवार रात हुई। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन बाद ही बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। घायल जवान की पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जो भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। पवन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने बताया कि योगेश शर्मा के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।चुनाव आयोग ने घटना पर मांगी रिपोर्ट चुनाव आयोग ने घटना की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर पार्टी के झंडे और बैनर लगाने के दौरान कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद जगद्दल इलाके में तनाव फैल गया। कई टीएमसी नेता शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने पहुंचे। इसके तुरंत बाद दोनों पक्षों के समर्थक वहां जमा हो गए, जिससे कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। थाने के बाहर पथराव की भी खबर है, हालांकि बाद में स्थिति पर काबू पा लिया गया।

टीएमसी कार्यकर्ताओं पर बम फेंकने का आरोप
इसके बाद पवन सिंह के आवास के पास फिर तनाव बढ़ गया, जहां देसी बम फेंके जाने और कम से कम एक राउंड फायरिंग होने का दावा किया गया। एक स्थानीय टीएमसी नेता ने आरोप लगाया, ‘हमारे कार्यकर्ता पर हमला हुआ। जब हम शिकायत दर्ज कराने गए, तब हम पर भी हमला किया गया। हमें लगा कि थाना सबसे सुरक्षित जगह होगी, लेकिन हमारी यह धारणा भी टूट गई।’वहीं भाजपा ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसके समर्थकों को निशाना बनाया गया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थित असामाजिक तत्वों की फायरिंग में सीआईएसएफ जवान घायल हुआ। हालांकि टीएमसी ने इस आरोप को खारिज करते हुए पलटवार किया कि हिंसा के लिए भाजपा जिम्मेदार है। फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button