मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने हेतु पुलिस की विशेष गोष्ठी आयोजित
महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन पर जोर, थानों को दिए गए सख्त निर्देश

घनश्याम
लखीमपुर-खीरी। जनपद खीरी पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं प्रभारी मिशन शक्ति सेल की उपस्थिति में जनपद के सभी थानों पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारीगण एवं महिला आरक्षियों ने सहभागिता की।गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।


उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर महिलाओं से संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का त्वरित व संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करें।प्रभारी मिशन शक्ति सेल ने महिला आरक्षियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाएं। साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया गया।गोष्ठी में यह भी निर्देशित किया गया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़िताओं को आवश्यक चिकित्सा, विधिक एवं मनोसामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। प्रत्येक थाना स्तर पर मिशन शक्ति के तहत की गई कार्यवाहियों का अभिलेखीकरण एवं फोटोग्राफी कर नियमित रूप से उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए गए।अंत में सभी अधिकारियों एवं महिला आरक्षियों को मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।




