गुरुआ में लाखों की लूट के विरोध में बाजार बंद, 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता
गुरुआ में आभूषण व्यवसायी से लाखों रुपये की लूट और गोलीबारी की घटना के विरोध में गुरुवार को पूरे बाजार के व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यवसायियों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए रुपये व गहनों की बरामदगी की मांग की है। घटना के बाद मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव स्वयं गुरुआ पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया। आईजी ने स्पष्ट कहा कि अपराधी किसी भी कीमत पर नहीं बचेंगे और जल्द कार्रवाई की जाएगी। व्यवसायियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा लूटे गए करीब 40 लाख रुपये के गहने और 5 लाख रुपये नगद बरामद किए जाएं।

उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाती है, जहां अपराधियों ने खुलेआम बाजार में गोलीबारी और लूट की वारदात को अंजाम दिया। व्यवसायियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आगे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। घटना के बाद गुरुआ बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बताया जाता है कि बुधवार की देर शाम गुरुआ बाजार के आभूषण दुकानदार प्रभाकर बरनवाल अपनी दुकान बंद कर करीब 40 लाख रुपये के गहने और 5 लाख रुपये नगद लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान दुकान के बाहर बाइक सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग करते हुए हमला कर दिया और लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार के पैर में गोली मार दी, जिससे वे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मगध प्रमंडल के पुलिस पदाधिकारी एवं विकास वैभव समेत गया पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने व्यवसायियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।




