भाजपा मंत्रियों व विधायकों के भ्रष्टाचार से जिले की कानून व्यवस्था बेपटरी: रवि प्रकाश वर्मा
कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, अवैध वसूली और जमीन कारोबार में लिप्त होने के कारोबार में लिप्त

संवाददाता
लखीमपुर खीरी। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार, मंत्रियों और विधायकों पर भ्रष्टाचार तथा कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल और जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता ने संबोधित किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि अवैध वसूली तथा जमीन कारोबार में संलिप्त हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में शासन और प्रशासन पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो चुका है।

उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में विफल साबित हुई है। वर्मा ने चंदन चौकी क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने, बांकेगंज में हुए उपद्रव और जिले में ब्याज वसूली के कथित धंधों को कानून व्यवस्था बिगड़ने का बड़ा कारण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सबके पीछे भाजपा नेताओं का संरक्षण है और कांग्रेस इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग करती है।जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ हो रही कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महोबा में एक बालिका के साथ हुई जघन्य घटना के बाद जब अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तो सरकार दमनकारी रवैया अपनाने लगी। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षी नेताओं की जांच कराने की बात करती है, लेकिन यदि उसमें साहस है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच कराए। पटेल ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध खनन, तालाबों पर कब्जा कर प्लॉटिंग और गंभीर अपराधों पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।जिला प्रवक्ता अमित गुप्ता ने केंद्र और राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम केयर्स फंड, इलेक्टोरल बॉन्ड और पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार की नीतियां देश को आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों और कथित भ्रष्टाचार को समझ चुकी है।प्रेस वार्ता में मोहन चंद्र उप्रेती, अब्दुल रहीम, प्रेम वर्मा, रामपाल शाक्य, सुभाष वर्मा और नारायण लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




