वजीरगंज जनता दरबार में सुनी गईं लोगों की समस्याएं, BDO बोले— अब कई माध्यमों से हो रहा त्वरित समाधान

चंदन कुमार
गया सदर गयाजी (संज्ञान दृष्टि) गया जिले के वजीरगंज प्रखंड कार्यालय स्थित ट्राइसम भवन में सोमवार, 8 जून को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में आए आवेदनों पर अधिकारियों ने गंभीरता से विचार किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जनता दरबार के दौरान अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में लोगों की समस्याओं का समाधान कई माध्यमों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष शिविरों, ऑनलाइन पोर्टलों तथा सीधे कार्यालय में आवेदन देने की व्यवस्था के कारण लोगों को अपनी शिकायत दर्ज कराने और उसका समाधान कराने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिल रही है। प्रभाकर सिंह ने बताया कि अब नागरिकों को हर छोटी-बड़ी समस्या के लिए जनता दरबार का इंतजार नहीं करना पड़ता। लोग ऑनलाइन माध्यम, जन शिकायत पोर्टल, विशेष शिविरों तथा सीधे कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे हैं, जिनका त्वरित निष्पादन भी किया जा रहा है। यही कारण है कि जनता दरबार में आवेदनों की संख्या पहले की तुलना में कम दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है। जनता दरबार का उद्देश्य भी लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित हो सके। जनता दरबार के सफल आयोजन से उपस्थित लोगों ने संतोष व्यक्त किया और प्रशासनिक अधिकारियों से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।




