राज्य

2017 से पहले अयोध्या नहीं जा पाते थे रामभक्त, अब यूपी सम्मान की पहचान बना : योगी

संवाददाता
गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को करनैलगंज के चकरौत में आयोजित कार्यक्रम में 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा, दंगे और अराजकता का माहौल था, जबकि आज उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और सुरक्षा की नई पहचान बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के लोगों को सम्मान नहीं मिलता था, लेकिन आज यूपी और गोंडा का नाम सुनते ही लोग सम्मान के साथ गले लगाते हैं। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की नीतियों को दिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ जाति और परिवारवाद के आधार पर मिलता था, जबकि अब पात्रता के आधार पर हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, कन्या सुमंगला, वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामभक्त अयोध्या नहीं जा पाते थे और त्योहारों के दौरान उपद्रव की घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और यह शहर विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहारों में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की गई है। साथ ही श्रावस्ती में एयरपोर्ट निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि करनैलगंज और कटरा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पुल, पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मटियारी घाट पर दीर्घ सेतु निर्माण, घाघरा नदी पर बाढ़ नियंत्रण कार्य तथा टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में 255 करोड़ रुपये से अधिक तथा करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में 259 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।

 

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button