राज्यलखीमपुर खीरी

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में खीरी ने रचा कीर्तिमान, एक दिन में लगे 15.86 लाख पौधे

प्रांजल श्रीवास्तव, संपादक
लखीमपुर खीरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान उत्साह, उमंग और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया गया। जिले भर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान के तहत एक ही दिन में 15 लाख 86 हजार से अधिक पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

जिला मुख्यालय स्थित सेठघाट पर जिला प्रशासन, दक्षिण खीरी वन प्रभाग और जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम और वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. ईरा श्रीवास्तव, सीडीओ अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है और प्रत्येक पौधा धरती मां को समर्पित नई सांस के समान है। विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। अभियान की विशेषता यह रही कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने स्वयं पौधारोपण कर लोगों को प्रेरित किया। मोहम्मदी में विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, मितौली में पूर्व सांसद जुगुल किशोर, धौरहरा में विधायक विनोद शंकर अवस्थी, निघासन में विधायक शशांक वर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। पलिया क्षेत्र में थारू जनजाति की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पौधारोपण कर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की सुरक्षा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस व्यापक अभियान ने न केवल जनपद की धरती को हरियाली से सजाया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जागरूकता और सहभागिता का भी प्रभावशाली संदेश दिया।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button