सरपंच संघ अध्यक्ष व शिक्षाप्रेमी महेश कुमार सुमन की पहल से सामने आई संघर्ष की प्रेरक कहानी, छोटू कुमार ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

चन्दन कुमार
गया सदर गयाजी (संज्ञान दृष्टि) वजीरगंज (गया)। वजीरगंज प्रखंड के पतेड़ मंगरावाँ गांव स्थित पतेड़ दलित टोला के युवा छोटू कुमार ने बिहार पुलिस में सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता को समाज के सामने लाने का कार्य सरपंच संघ अध्यक्ष एवं शिक्षाप्रेमी महेश कुमार सुमन ने किया है, जिन्होंने छोटू की संघर्षपूर्ण यात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए युवाओं के लिए मिसाल बताया।

महेश कुमार सुमन ने कहा कि पतेड़ दलित टोला जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर बिहार पुलिस में चयनित होना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। यह सफलता संघर्ष, मेहनत और परिवार के त्याग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि छोटू कुमार ने आर्थिक अभाव, पारिवारिक जिम्मेदारियों और कठिन परिस्थितियों के बीच भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य को हासिल किया छोटू कुमार, राजेन्द्र दास के पुत्र हैं और चार भाइयों में सबसे छोटे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाइयों और भाभी को दिया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने खेती-बाड़ी में भी परिवार का हाथ बंटाया, लेकिन कभी अपने सपनों को टूटने नहीं दिया सरपंच संघ अध्यक्ष महेश कुमार सुमन ने कहा कि छोटू की सफलता गांव और समाज के बच्चों के लिए प्रेरणा है। इससे यह संदेश जाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा और मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छोटू की उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
छोटू कुमार ने भी युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “शिक्षा अनिवार्य है, सफलता के लिए संघर्ष करना पड़ता है। समय को व्यर्थ न गंवाएं और अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान दें।” उनकी सफलता पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है और लोग इसे दलित टोला ही नहीं, बल्कि पूरे वजीरगंज क्षेत्र की उपलब्धि मान रहे हैं।




