गया में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई: बेलागंज थाना का चौकीदार ₹9 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार”

समाचार चंदन कुमार
गया सदर गयाजी (संज्ञान दृष्टि) गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में निगरानी विभाग (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चौकीदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सरकारी कर्मियों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया।

प्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार चौकीदार की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसने एक व्यक्ति से कार्य निष्पादन के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को निगरानी विभाग की विशेष टीम ने बेलागंज थाना के समीप स्थित अस्पताल परिसर में छापेमारी की। इसी दौरान चौकीदार मनीष कुमार को ₹9,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। जैसे ही रिश्वत की राशि का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद निगरानी अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए लेकर चली गई। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। फिलहाल निगरानी विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है और यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।



