47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में क्षांतभव्य दी समारोह का हुआ आयोजन

पवन शर्मा:
गाजियाबाद (संज्ञान दृष्टि): गाजियाबाद में 26 अप्रैल 2026 को 47वीं वाहिनी पी०ए०सी० टास्क फोर्स, गाजियाबाद के प्रांगण में प्रशिक्षु आरक्षी (नागरिक पुलिस) का भव्य दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भर के 112 प्रशिक्षण केंद्रों से कुल 60,244 प्रशिक्षित सिपाहियों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर उत्तर प्रदेश पुलिस बल को सशक्त किया।इसी क्रम में 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद से 435 प्रशिक्षु जवानों ने सफलतापूर्वक अपना नौ माह का आधारभूत प्रशिक्षण पूर्ण कर पासिंग आउट परेड में प्रतिभाग किया। इनका प्रशिक्षण माह जुलाई 2025 से संचालित किया जा रहा था।
ga__

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेम कुमार गौतम,पुलिस महानिरीक्षक (एटीएस),लखनऊ की अध्यक्षता में तथा राम नयन सिंह (IPS), सेनानायक, 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, योगी आदित्यनाथ द्वारा डिजिटल माध्यम से प्रदेश के समस्त 112 प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़कर प्रशिक्षु जवानों को संबोधित किया गया। 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में भी मुख्यमंत्री के अभिभाषण, आशीर्वचन एवं शुभकामना संदेश का सजीव प्रसारण प्रस्तुत किया गया, जिससे समस्त प्रशिक्षु जवानों में नवीन ऊर्जा, उत्साह एवं कर्तव्यनिष्ठा का संचार देखने को मिला।मुख्य अतिथि द्वारा अपने प्रेरणादायी संबोधन में जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सतर्कता के साथ सेवा करने हेतु प्रेरित किया गया तथा उन्हें राष्ट्र एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई।
इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया जिनमें सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु,आरक्षी वैभव दूबे, परेड कमाण्डर (प्रथम) आरक्षी विवेक कुमार, परेड कमाण्डर (द्वितीय) आरक्षी प्रिंस चौधरी,परेड कमाण्डर (तृतीय) आरक्षी सनी यादव रहे व इन सभी को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार, सहायक सेनानायक अन्विता उपाध्याय, सैन्य सहायक गोपाल सिंह, सहायक सेनानायक (49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्धनगर) अनिल कुमार, वाहिनी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेहा गोस्वामी, शिविरपाल जयेंद्र कुमार गंगवार, सूबेदार मेजर मोमराज सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह, आरटीसी प्रभारी सुधीर कुमार सहित अन्य अधिकारीगण, गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।




