ब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

रिजर्व पुलिस लाइन्स खीरी में भव्य पासिंग आउट परेड, 487 आरक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ

दीक्षांत परेड में अनुशासन और समर्पण का प्रदर्शन, उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को किया गया सम्मानित

प्राजंल श्रीवास्तव संपादक
लखीमपुर खीरी (संज्ञान दृष्टि)। जनपद खीरी के रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड में 487 रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण उपरांत भव्य ‘पासिंग आउट परेड’ का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में किरन एस. उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ख्याति गर्ग ने की।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण से हुआ, जिसके बाद प्रशिक्षित आरक्षियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, समन्वय और प्रशिक्षण की उत्कृष्टता का परिचय दिया।

इस अवसर पर सभी 487 आरक्षी औपचारिक रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बने और प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। उन्होंने नव नियुक्त आरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक खीरी द्वारा सभी आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ के बाद टोलियों ने गरिमापूर्ण ढंग से प्रस्थान किया।प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनमें आरक्षी उदित सिंह को सर्वांग सर्वोत्तम घोषित किया गया, जबकि परेड कमांडर प्रथम भी वही रहे। परेड कमांडर द्वितीय सत्यप्रकाश शुक्ला और तृतीय ऋषभ अहलावत रहे। आउटडोर परीक्षा में सत्यप्रकाश शुक्ला तथा इनडोर परीक्षा में उदित सिंह ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।मुख्य अतिथि किरन एस. ने जवानों के टर्नआउट और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने जवानों को साइबर अपराध जैसी आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए निरंतर सीखते रहने की सलाह दी।वहीं पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने नवागत आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिजनों को बधाई दी और प्रशिक्षण टीम के समर्पण की प्रशंसा की।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button