ब्यूरो रिपोर्ट
गया ( सं दृ०) गया जिला के गुरुआ थाना क्षेत्र के मिरचक में संचालित एक कथित अवैध नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने नर्सिंग होम से जुड़े डॉक्टर टूटू पांडेय पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। युवक की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। वहीं, घटना ने गुरुआ में संचालित निजी नर्सिंग होम की वैधता और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों के अनुसार, युवक को मामूली बुखार होने पर मिरचक स्थित नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। आरोप है कि उसे चार दिनों तक भर्ती रखकर इलाज किया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार होने के बजाय लगातार बिगड़ती गई। इस दौरान परिजनों को उसके ठीक हो जाने का भरोसा दिलाया जाता रहा। जब युवक की हालत गंभीर हो गई, तो नर्सिंग होम से जुड़े डॉक्टर टूटू पांडेय उसे निजी वाहन से गया स्थित एक अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवक की मौत हो गई। परिजनों ने लगाया मामले को रफा-दफा करने का आरोप

गुरुआ में अवैध नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों के संचालन पर सवाल
स्थानीय स्तर पर गुरुआ क्षेत्र में दर्जनों नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों के कथित तौर पर बिना आवश्यक अनुमति संचालित होने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे संस्थानों की निगरानी और उनके विरुद्ध कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जाता है कि कुछ वर्ष पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई कथित अवैध नर्सिंग होम के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमे भी दर्ज कराए थे। इसके बावजूद क्षेत्र में ऐसे संस्थानों के दोबारा या लगातार संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
अब 20 वर्षीय युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि संबंधित नर्सिंग होम के पास आवश्यक पंजीकरण और चिकित्सकीय सुविधाएं नहीं थीं, तो वह किस आधार पर मरीजों का इलाज कर रहा था? साथ ही, स्वास्थ्य विभाग ऐसे संस्थानों की नियमित जांच क्यों नहीं कर रहा है?

