राज्य

एरू बना आस्था का केंद्र, विधायक वीरेंद्र सिंह ने कलश यात्रा में की सहभागिता

चंदन कुमार
गया सदर गयाजी (संज्ञान दृष्टि) वजीरगंज प्रखंड के ग्राम एरू में मंगलवार, 16 जून को श्री सूर्य नारायण महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। गांव की सड़कों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा और चारों ओर जय श्री सूर्य नारायण के जयघोष गूंजते रहे।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का यज्ञ स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था।

वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कलश यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। पुरुष, युवा और बच्चे भी पीले वस्त्र पहनकर श्रद्धा के साथ शामिल हुए। शंखनाद, भजन-कीर्तन और धार्मिक उद्घोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यज्ञ मंडप पहुंची, जहां विधिवत पूजन एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वजीरगंज विधायक वीरेंद्र सिंह भी कलश यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा कर महायज्ञ में अपनी सहभागिता निभाई और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। विधायक की उपस्थिति से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति के अनुसार श्री सूर्य नारायण महायज्ञ 16 जून से 23 जून 2026 तक आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिदिन हवन-पूजन, वैदिक अनुष्ठान, धार्मिक प्रवचन, रामकथा, भजन-कीर्तन एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। महायज्ञ की पूर्णाहुति 23 जून को विशेष पूजा-अर्चना, विशाल भंडारा एवं संत-महात्माओं के आशीर्वचन के साथ संपन्न होगी। पूरे क्षेत्र में इस महायज्ञ को लेकर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button