वीवीआईपी आगमन को लेकर खीरी पुलिस अलर्ट, कार्यक्रम स्थलों और हेलीपैड का निरीक्षण
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा

प्रांजल श्रीवास्तव संपादक
लखीमपुर-खीरी (संज्ञान दृष्टि)। जनपद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रस्तावित आगमन को लेकर खीरी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों और हेलीपैड का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय, क्षेत्राधिकारी गोला तथा मुख्य विकास अधिकारी मौजूद रहे।


अधिकारियों ने कबीरधाम स्थित कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और गोला में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने देने पर जोर दिया।वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने और आमजन को असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।




