बादशाहनगर स्टेशन पर अब सफर के साथ मनोरंजन भी
75 इंच की एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही फिल्मों की क्लिप, लखनऊ मंडल के स्टेशनों पर शूटिंग की जानकारी भी मिलेगी

गौरव यादव, संवाददाता
लखनऊ (संज्ञान दृष्टि)। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों के सफर को मनोरंजक बनाने के लिए नई पहल की है। इसके तहत लखनऊ परिक्षेत्र के रेलवे स्टेशनों और परिसरों में शूट की गई फिल्मों की क्लिप का संकलन तैयार कर बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर 75 इंच की एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इस स्क्रीन पर फिल्मों की क्लिप प्रदर्शित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करते समय मनोरंजन का अवसर मिल रहा है।

कई चर्चित फिल्मों की क्लिप होंगी प्रदर्शित
बादशाहनगर स्टेशन पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर लखनऊ परिक्षेत्र के रेलवे स्टेशनों और परिसरों में शूट की गई कई चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज की क्लिप दिखाई जा रही हैं। इनमें ‘बरेली की बर्फी’, ‘जबरिया जोड़ी’, ‘पति पत्नी और वो’, ’14 फेरे’, ‘ब्रीथ: इनटू द शैडो सीजन-2’, ‘इंस्पेक्टर अविनाश’, ‘मिशन मजनू’, ‘द उमेश क्रॉनिकल्स’, ‘भैया जी’ और ‘सिंगल सलमा’ सहित अन्य फिल्में शामिल हैं।
इस पहल के माध्यम से यात्रियों को मनोरंजन उपलब्ध कराने के साथ ही यह जानकारी भी मिलेगी कि लखनऊ परिक्षेत्र के रेलवे स्टेशनों और परिसरों में विभिन्न फिल्मों की शूटिंग की गई है। इससे रेलवे स्टेशनों की पहचान को बढ़ावा मिलने के साथ फिल्म निर्माण से जुड़े स्थानों के प्रति लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ सकती है।
यात्रियों को मिलेगा नया अनुभव
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस पहल से यात्रियों और आमजन को मनोरंजन के साथ लखनऊ परिक्षेत्र के रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में शूट की गई फिल्मों के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।
रेलवे की इस पहल का उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को रेलवे से जुड़ी स्थानीय पहचान और फिल्मांकन स्थलों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।




