मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, आयुष्मान पोर्टल होगा शुरू
एक सप्ताह में पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश

प्रांजल श्रीवास्तव, संपादक
लखनऊ (संज्ञान दृष्टि), 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित नए पोर्टल को शुरू करने पर सहमति प्रदान कर दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित बैठक में पोर्टल के संचालन, आवेदन प्रक्रिया और कार्ड जारी करने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

पोर्टल संचालन का दिया गया प्रशिक्षण
बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन करने, दस्तावेजों के सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया गया। प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पोर्टल को शुरू किए जाने की सहमति देते हुए कहा कि इसे पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है। इसका उद्देश्य पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को कम करना तथा प्रक्रिया को तेज करना है।
एक सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश
सूचना निदेशक ने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए, जिनके आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं। इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी कराने और संबंधित जानकारी मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र पत्रकारों के आवेदन और दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। जिला सूचना कार्यालयों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पात्र लाभार्थियों का विवरण निर्धारित समयसीमा में पोर्टल पर दर्ज हो जाए, ताकि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी कराई जा सके।
पत्रकारों और परिजनों को मिलेगा लाभ
इस व्यवस्था के लागू होने से मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। पोर्टल के माध्यम से आवेदन, सत्यापन और आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा। इससे पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी। बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




