यातायात माह का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

ब्रेकिंग न्यूज़ लखीमपुर खीरी

• सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निकाली गई रैली
• हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन की अपील
• पूरे माह स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे जागरूकता अभियान

प्रांजल श्रीवास्तव, संपादक

लखीमपुर खीरी (संज्ञान दृष्टि)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन लखीमपुर खीरी में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। रैली में गांधी इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज और धर्मसभा इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर गुरु गोविंद सिंह चौक, सौजन्या चौक और परशुराम चौराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। एसपी ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग न करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात माह के दौरान जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में कार्यशालाएं एवं प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी यातायात सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।