लायन्स ने बांटी सेवा की सौगात…

प्रांजल श्रीवास्तव संपादक
लखीमपुर (संज्ञान दृष्टि)। अन्तर्राष्ट्रीय संगठन लायन्स इण्टरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 321बी1 से सम्बद्ध लायन्स क्लब लखीमपुर खीरी उपकार द्वारा लखीमपुर के नकहा विकास खण्ड की ग्राम पंचायत पकड़िया के चुरवल मजरा में बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ राहत सामग्री का वितरण किया गया। लायन्स फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त इस राहत सामग्री किट में आटा, अरहर दाल, शक्कर, नमक, कड़ुआ तेल के साथ दो-दो कम्बल रखें गये हैं। प्रथम चरण में 150राहत सामग्री किट बांटी गईं।


मण्डलाध्यक्ष लायन परमजीत सिंह के सार्थक प्रयास के चलते लायन्स क्लब लखीमपुर खीरी उपकार को 300राहत सामग्री किट प्राप्त हुयीं। लायन्स क्लब लखीमपुर खीरी उपकार द्वारा भी अपने स्तर से अतिरिक्त राहत सामग्री का वितरण कराया जा रहा है। शहर से लगभग 40किमी दूर शारदा नदी के किनारे बसे इस गांव में ग्रामीणों की आवश्यकताओं को देखते हुए यह कार्य किया गया। संस्थाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता के नेतृत्व में लायन्स क्लब लखीमपुर उपकार के पूर्वाध्यक्ष आर्येन्द्र पाल सिंह, राममोहन गुप्ता, सचिव अमर सिंह, वरिष्ठ सदस्य एडवोकेट रमेश कुमार वर्मा व मानवेन्द्र सिंह इस राहत सामग्री वितरण में सम्मिलित रहे। रीजन चेयरपर्सन शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखा कर राहत सामग्री वितरण के काफिले को लखीमपुर से रवाना करवाया। उस समय पूर्वाध्यक्ष राजवीर सिंह व डॉ०रूपक टण्डन भी उपस्थित रहे। उक्त सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी के भाव स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। इस कार्यक्रम में चुरवल के पूर्व प्रधान हरिनाम सुन्दर का भी लाभार्थी चयन में विशेष योगदान रहा। शीघ्र ही अगले चरण में फूलबेहड़/निघासन विकास खण्ड के ऐसे गांव का चयन किया जायेगा जो बाढ़ की विभीषिका से अति प्रभावित हुआ है।



