IIM बोधगया में PIB की मीडिया कार्यशाला, नशा मुक्त भारत में पत्रकारों की भूमिका पर जोर
रंजीत कुमार ( ब्यूरो संज्ञान दृष्टि)
गयाजी। पत्र सूचना कार्यालय (PIB), पटना की ओर से गुरुवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), बोधगया में स्थानीय पत्रकारों के लिए ‘क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला : वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ युवा, नशा मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में नशे की रोकथाम और जन-जागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई

कार्यक्रम में IIM बोधगया की निदेशक प्रो. विनिता एस. सहाय, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधीक्षक एस. सफीक ओमर सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हुए।
आईजी विकास वैभव ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर ही विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने नशे के प्रति आकर्षण रोकने और युवाओं में आत्मविश्वास व सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया।
PIB पटना के उप निदेशक लौकिक पारख ने नशा मुक्ति अभियान में मीडिया की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया। विशेषज्ञों ने नशे की रोकथाम, उपचार, पुनर्वास, तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
यूनिसेफ की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रेरणा कौल ने नशे से प्रभावित लोगों के संबंध में संवेदनशील और जिम्मेदार रिपोर्टिंग करने की अपील की। कार्यशाला में परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, प्रशासन और मीडिया के समन्वित प्रयासों से नशा मुक्त भारत अभियान को मजबूत बनाने पर बल दिया गया।


