ब्यूरों रिपोर्ट संज्ञान दृष्टि गयाजी।
गयाजी के गुरुआ थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दीपावली की रात चोरों ने चिलोर पंचायत के ढिबरा गांव में एक साथ छह घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से पूरे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने शिव कुमार प्रजापत उर्फ कारू प्रजापत के घर से गले की सिकड़ी, लॉकेट, पायल और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वहीं, रामप्रवेश गहलोत और महेंद्र प्रजापत की दुकानों का मुख्य दरवाजा तोड़कर सामान चुरा लिया। विजय प्रजापत के घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात, जबकि महेंद्र पासवान के घर से लगभग एक लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा महेश रजक के घर में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गुरुआ थाना क्षेत्र में पिछले छह महीनों के दौरान विभिन्न गांवों में दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक इन घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। लगातार हो रही वारदातों से नाराज ग्रामीण पुलिस की रात्रि गश्ती और कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। स्थिति यह है कि पुलिस पर भरोसा कमजोर पड़ने के बाद ग्रामीण खुद रात में पहरा देने को मजबूर हैं, इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
लगातार हो रही चोरी की वारदातें पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। घटना की सूचना मिलने पर गुरुआ पुलिस ढिबरा गांव पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। अब ग्रामीणों को चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का इंतजार है।

