
लखनऊ। गोमतीनगर क्षेत्र में ‘टीम हनुमान’ के तत्वावधान में भव्य हनुमान भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं सामाजिक महत्व के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्री हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ।

इस दौरान पूरा वातावरण “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। भंडारे के सफल आयोजन में प्रशांत सिंह, शैलेश यादव, गीता गुप्ता, विशाल, सागर सिंह, सर्वेश यादव, हरिकेश तथा ध्रुव सिंह सहित टीम हनुमान के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के सदस्यों ने स्वयं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए श्रद्धालुओं को आदरपूर्वक पूड़ी सब्जी, कढ़ी चावल एवं सरवत का प्रसाद वितरित किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि भंडारे का उद्देश्य समाज में सेवा भावना, आपसी भाईचारा और धार्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि प्रभु हनुमान जी की कृपा से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं जनसेवा के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भंडारा देर शाम तक सुचारु रूप से चलता रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।




