यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, ड्रिंक एंड ड्राइविंग में 8 वाहन सीज, 788 चालान

प्रांजल श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी (संज्ञान दृष्टि)। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस खीरी ने शनिवार रात्रि जनपद के प्रमुख टोल प्लाजाओं पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन एवं यातायात प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।



शनिवार रात 8 बजे से 11 बजे तक फरधान, मैगलगंज एवं सिसैया टोल प्लाजा पर चलाए गए विशेष अभियान में ब्रीथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर कुल 8 वाहनों को सीज कर दिया गया। इनमें 2 ट्रक, 1 कार और 5 मोटरसाइकिलें शामिल हैं।यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 788 वाहनों का चालान किया। इनमें सबसे अधिक 572 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के किए गए। इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग के 54, सीट बेल्ट न लगाने के 27, रॉन्ग साइड वाहन चलाने के 20, मॉडिफाइड साइलेंसर के 18, प्रेशर हॉर्न के 16, दोषपूर्ण नंबर प्लेट के 14 तथा अन्य नियम उल्लंघन के 59 चालान किए गए।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कभी भी शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।यातायात विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




