जेसीआई लखीमपुर की कार्यशाला में सिखाई गई प्रभावी सभापतित्व व संसदीय कार्यप्रणाली व्यवहारिक प्रशिक्षण के जरिए सदस्यों को बैठक संचालन, प्रस्ताव प्रक्रिया और कोरम की दी गई विस्तृत जानकारी

संवाददाता
लखीमपुर खीरी (संज्ञान दृष्टि)। अंतर्राष्ट्रीय व्यक्तित्व विकास एवं समाजसेवी संगठन जेसीआई लखीमपुर खीरी द्वारा एक स्थानीय होटल के सभागार में सभापतित्व एवं संसदीय कार्यप्रणाली (CAPP) विषय पर एक प्रभावी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य सदस्यों को किसी भी बैठक के सुव्यवस्थित संचालन और उसके विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना था।कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी सभा का संचालन किस प्रकार किया जाना चाहिए, चेयरमैन की भूमिका क्या होती है, उसके अधिकार एवं सीमाएं क्या हैं। साथ ही बैठक में शामिल सदस्यों के अधिकार, दायित्व, प्रस्ताव प्रस्तुत करने की विधि, प्रस्तावों के प्रकार तथा कोरम जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर संस्था के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेसीआई सिनेटर विशाल सेठ ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता की। उन्होंने विषय को सरल और व्यवहारिक तरीके से समझाते हुए डेमो के माध्यम से प्रतिभागियों को संसदीय प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उनके प्रशिक्षण से सदस्यों को न केवल तकनीकी ज्ञान मिला, बल्कि बैठक की गंभीरता और महत्व को भी समझने का अवसर प्राप्त हुआ।संस्था के मीडिया प्रभारी आर्येन्द्र पाल सिंह ने बताया कि जेसीआई अपने प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए विशेष पहचान रखता है, जहां सदस्यों को समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से सशक्त बनाया जाता है। उनका कहना था कि एक जागरूक और प्रशिक्षित नागरिक ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।यह कार्यशाला संस्थाध्यक्ष सचिन अग्रवाल के नेतृत्व एवं उपाध्यक्ष (प्रशिक्षण) विश्वास सेठ के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में प्राइम ट्रेनर राममोहन गुप्ता, सचिव राहुल अग्रवाल, निवर्तमान अध्यक्ष शुभम टंडन सहित कनिष्क बरनवाल, कुशाग्र अग्रवाल, लव पुरी, रजत अग्रवाल, असद हुसैन, ऋषभ पोद्दार, सुमित शर्मा, मुक्ति अग्रवाल, राहुल माथुर, सौरभ गुप्ता समेत अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




