(संज्ञान दृष्टि ब्युरो)
(गया जी)। गुरुआ प्रखंड परिसर स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के भवन में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। भवन से उठते काले धुएं को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना पुलिस को दी।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे भवन से धुआं निकलता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके करीब 20 मिनट बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस संबंध में स्वच्छताग्राही सुधीर कुमार ने बताया कि भवन के अंदर लाखों रुपये की मशीनें, मोटर सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरण रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि भवन में बिजली का कनेक्शन भी नहीं था। ऐसे में आग लगने की घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और शरारती तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, गुलनी गांव के युवा नेता संदीप चौधरी ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जाए और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाकर दोषियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि प्रखंड परिसर जैसे महत्वपूर्ण सरकारी स्थल पर स्थित इकाई में आग कैसे लगी? क्या यह महज हादसा था या इसके पीछे किसी की शरारत है? इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

