
जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर प्रखंड के 11 गांवों में दलित एवं वंचित समुदाय के परिवारों की बुनियादी समस्याओं को लेकर समाजसेवियों ने दो दिवसीय सामाजिक न्याय अभियान चलाया। अभियान के दौरान गांव-गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात की गई और उनकी समस्याओं को सुना गया। इसके बाद गुरुवार को समाजसेवियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
अभियान के दौरान कई गांवों में ऐसी समस्याएं सामने आईं, जिनसे ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। भूमिहीन दलित एवं वंचित परिवारों को अब तक आवासीय भूमि का पर्चा नहीं मिला है। वहीं पात्र परिवारों को तीन डिसमिल वासभूमि उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा कई दलित बस्तियों में नल-जल योजना का नियमित लाभ नहीं मिल रहा है। सरकारी चापाकल खराब होने के कारण लोगों को पेयजल की परेशानी हो रही है।
समाजसेवियों ने पक्की नाली और जलनिकासी की व्यवस्था, पीसीसी सड़क एवं संपर्क पथ का निर्माण, सामुदायिक भवन की सुविधा और श्मशान घाट से जुड़ी समस्याओं को भी जिलाधिकारी के सामने रखा। उनका कहना था कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गरीब परिवारों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिकारियों ने समाजसेवियों की ओर से उठाई गई समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के इस भरोसे के बाद समाजसेवियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित गांवों में जल्द ही समस्याओं के समाधान की दिशा में काम शुरू होगा।
इस मौके पर समाजसेवी सुषमा कुमारी, रुपनी देवी, रूनी देवी, पिंकी कुमारी, अनिशा भारती, कुंती कुमारी, पुष्पा कुमारी, आरती देवी, मोनिका क�

