देशनई दिल्ली

भारत लाया गया दाऊद इब्राहिम का करीबी सलीम डोला, दिल्ली में हो रही पूछताछ; आगे NCB को सौंपा जाएगा

संवाददाता
नई दिल्ली  भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात ड्रग तस्कर और भगोड़े आतंकी दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को बीते दिनों तुर्किये के इस्तांबुल में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद अब उसे भारत को प्रत्यर्पित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के बाद हुई है। मंगलवार तड़के एक विशेष विमान से उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया, जहां भारतीय खुफिया एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया। अब उससे दिल्ली में पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच के लिए उसे मुंबई स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंपा जाएगा।

बता दें कि सलीम डोला को हाल ही में तुर्किये के इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था, जो भारत की एजेंसियों के अनुरोध पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने जारी करवाया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, डोला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा था, जिसका कारोबार लगभग 5000 करोड़ रुपये तक फैला हुआ था। यह नेटवर्क नशे के पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था।
पिछले कुछ महीनों की कार्रवाई में टूटी कमर
पिछले कुछ महीनों में इस नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई हो रही है। जून 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला को भी संयुक्त अरब अमीरात से भारत लाया गया था। इसके अलावा उसके एक और सहयोगी को भी दुबई से प्रत्यर्पित कर गिरफ्तार किया गया था। एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क के जरिए कमाए गए पैसों का इस्तेमाल देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में किया जाता था। इसलिए इसे आतंकवाद से भी जुड़ा हुआ एक वित्तीय नेटवर्क माना जा रहा है।

मुंबई में जन्मा सलीम कैसे बना दाऊद का गुर्गा?
सलीम डोला का जन्म 1966 में मुंबई में हुआ था। शुरुआत में वह छोटे अपराधों और अवैध कारोबार से जुड़ा, लेकिन बाद में वह दाऊद इब्राहिम के करीबी छोटा शकील के संपर्क में आया और बड़े ड्रग नेटवर्क का हिस्सा बन गया। उसने पहले गुटखा और फिर गांजे की तस्करी शुरू की थी। 2012 में उसे एनसीबी ने गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में वह रिहा हो गया। इसके बाद उसने सिंथेटिक ड्रग्स का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया, जिसमें फेंटानिल आधारित नशीले पदार्थ शामिल थे।
2018 में उसे फिर गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद जमानत मिलने पर वह भारत से भागकर संयुक्त अरब अमीरात चला गया। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सलीम डोला की गिरफ्तारी दाऊद नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है और इससे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyandristinews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button